पटना, 24 जुलाई: बिहार में सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने बेतिया–साहेबगंज (NH-139W) 4-लेन कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने शुक्रवार को विभागीय सभागार में आयोजित बैठक में NHAI की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सचिव ने अधिकारियों से कहा कि बेतिया–साहेबगंज 4-लेन कॉरिडोर परियोजना के कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने परियोजना स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, प्रगति रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश भी दिए।
2,895 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है कॉरिडोर
करीब 2,895 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे 198.522 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के पूरा होने पर बाकरपुर, मानिकपुर, साहेबगंज, अरेराज और बेतिया के बीच बेहतर एवं निर्बाध सड़क संपर्क स्थापित होगा। विभाग का कहना है कि यह परियोजना बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ बौद्ध सर्किट पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति देगी।
चार पैकेज में हो रहा है निर्माण
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि यह परियोजना चार पैकेज में क्रियान्वित किया जा रहा है। पहले पैकेज के तहत बाकरपुर से वैशाली के मानिकपुर तक 38.81 किलोमीटर लंबी 4-लेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। वहीं इस हिस्से में अब तक लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूरा भी हो चुका है।
बेगूसराय एलिवेटेड कॉरिडोर का 96% कार्य पूरा
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि बेगूसराय शहर के 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का लगभग 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इनमें प्रमुख रूप से—
• आमस–दरभंगा एक्सप्रेसवे
• छपरा–पटना 6-लेन कॉरिडोर
• बख्तियारपुर–पूर्णिया मार्ग
• NH-31 फोर-लेन परियोजना
• मोकामा–मिर्जा चौकी फोर-लेन
• पटना–बेतिया कॉरिडोर
• मोकामा–मुंगेर परियोजना
• वैशाली एवं दरभंगा की कनेक्टिविटी परियोजनाएं
सचिव पंकज कुमार पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण किया जाए और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव डॉ. शैलजा शर्मा, संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया, अभियंता प्रमुख उमाकांत रजक सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
(स्रोत: पथ निर्माण विभाग, बिहार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति)
