दानापुर रेल मंडल में शराब तस्करों के खिलाफ रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई जब 27 मई 2026 को ट्रेन संख्या 12336 (भागलपुर-LTT एक्सप्रेस) में शराब तस्करों ने उत्पाद विभाग की टीम से हाथापाई कर चेन पुलिंग के जरिए फरार होने की कोशिश की थी।
क्या था पूरा मामला?
दिलदारनगर से दानापुर की ओर आ रही ट्रेन संख्या 12336 में बक्सर के पास उत्पाद विभाग की टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने एक महिला तस्कर को शराब के साथ पकड़ा। जब टीम ने ट्रेन में मौजूद अन्य तस्करों की भी जांच शुरू की तो तस्करों ने उत्पाद कर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इसी अफरातफरी में महिला तस्कर सहित अन्य आरोपी कुशलपुर हॉल्ट के पास चेन पुलिंग (ACP) कर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
SP के निर्देश पर SIT गठित:
घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस अधीक्षक श्री अनंत कुमार रॉय ने मामले को गंभीरता से लिया। उत्पाद विभाग के ASI संजीत तिवारी के आवेदन पर रेल थाना बक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें महिला तस्कर खुशबू कुमारी (असली नाम जहाना खातून) और 12-14 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया। SP के निर्देश पर DSP कंचन राज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

तकनीकी जांच से खुला तस्करी का नेटवर्क:
SIT ने तकनीकी विश्लेषण, डम्प एनालिसिस और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पता चला कि पकड़ी गई महिला तस्कर जहाना खातून मूलतः वैशाली की रहने वाली है और वर्तमान में पटना के अनीशाबाद में रहती है। वह पिछले 7-8 महीनों से लगातार शराब की तस्करी कर रही थी। फुलवारी थाना में उसके खिलाफ पहले से उत्पाद का मामला दर्ज था।
इसके अलावा फॉरवर्ड लिंकेज में सारण निवासी वीरेंद्र कुमार राय का नाम सामने आया, जिनके खिलाफ गर्दनीबाग थाना में भी उत्पाद का मामला दर्ज है। उन्हें अनीशाबाद, पटना से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के वक्त वे शराब की सप्लाई करने जा रहे थे और उनके पास से 3.2 लीटर शराब व एक बाइक बरामद की गई।
बरामदगी:
पुलिस ने इस कार्रवाई में 5 एंड्रॉइड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 3.2 लीटर शराब बरामद की है।
DSP कंचन राज की चेतावनी:
दानापुर रेल DSP कंचन राज ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में और भी लोगों के नाम सामने आए हैं और सभी के खिलाफ छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार चेन पुलिंग कर भागने की कोशिश की गई तो रेल पुलिस इसे चुनौती की तरह लेगी और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।