पटना में कुत्ते के हमले से दहशत के बाद दर्दनाक घटना, बेजुबान की मौत पर उठे सवाल

पटना: राजधानी पटना के बोरिंग रोड चौराहे के पास एक गली में कुत्ते के काटने की घटनाओं से स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते कल से कुत्ते ने कई राहगीरों को काट लिया था। इस बीच बुधवार को कुत्ते की मौत हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे डंडों से पीटकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच बहस छिड़ गई है।

गाड़ियों से चोटिल होने के बाद बदल गया था व्यवहार?

स्थानीय दुकानदार हरे कृष्ण पाठक ने बताया कि यह कुत्ता करीब दो साल से इलाके में रहता था और पहले काफी शांत स्वभाव का था। उनके अनुसार, कई बार गाड़ियां उसके ऊपर से गुजर गईं, जिससे वह बुरी तरह चोटिल हो गया था। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आया और वह लोगों को काटने लगा।

पटना के बोरिंग रोड चौराहे के पास कुत्ते की मौत के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोग
बोरिंग रोड चौराहे के पास कुत्ते की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग।

दुकानदार दीपक ने बताया कि कुत्ते ने उनके सामने भी कई लोगों को काटा था। वहीं, संजय का दावा है कि कुत्ते ने करीब 20 से 25 लोगों को परेशान किया या काटने की कोशिश की थी। हालांकि, पीड़ितों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना देने का किया था दावा

स्थानीय दुकानदार संजय के मुताबिक, घटना की जानकारी पुलिस, नगर निगम, टोल फ्री नंबर और 112 पर दी गई थी। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

पटना बोरिंग रोड कुत्ता काटने की घटना पर स्थानीय दुकानदार संजय अपनी प्रतिक्रिया देते हुए
बोरिंग रोड डॉग बाइट पर दुकानदार संजय का बयान

वहीं, एक अन्य दुकानदार ने भी बताया कि कुत्ते के लगातार काटने की घटनाओं के बाद स्थानीय लोग परेशान और भयभीत थे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते संबंधित विभाग की टीम पहुंचती तो स्थिति को संभाला जा सकता था।

फीडिंग करने वाली महिला ने बताई दर्दनाक घटना

इलाके में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिला आरती सिंह ने बताया कि यह कुत्ता पहले से इलाके में रहता था। उनके अनुसार, कुत्ते के घायल होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने उसे दवा देने की व्यवस्था की थी और कुछ समय के लिए बांधकर रखने की सलाह भी दी थी, ताकि लोगों को नुकसान न पहुंचे।

पटना बोरिंग रोड में कुत्ते की मौत पर पशु प्रेमी आरती सिंह अपनी प्रतिक्रिया देते हुए
पटना कुत्ता मामला: पशु प्रेमी आरती सिंह

आरती सिंह ने कहा कि कुत्ते के व्यवहार में आए बदलाव के पीछे उसकी चोट और दर्द को समझने की जरूरत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने की कोशिश में उन्हें स्थानीय लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा।

‘डर और दर्द में था, प्रशासन को बुलाना चाहिए था’

पशु प्रेमी सौम्या (नाम) ने कैमरे पर बोलने से इनकार किया, लेकिन ऑफ कैमरा बताया कि कुत्ता दर्द और डर की स्थिति में था। उनके मुताबिक, ऐसे हालात में उसे और डराने या मारने के बजाय संबंधित विभाग की टीम को बुलाना चाहिए था।

पटना के बोरिंग रोड में कुत्ते के काटने की घटना पर स्थानीय दुकानदार हरे कृष्ण पाठक का बयान
बोरिंग रोड कुत्ता मामला: दुकानदार हरे कृष्ण पाठक

उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन किसी जानवर के आक्रामक व्यवहार के पीछे की वजह समझकर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि कोई कुत्ता लगातार लोगों को काट रहा हो, तो उसे प्रशिक्षित कर्मियों की मदद से सुरक्षित तरीके से पकड़कर जांच और उपचार की व्यवस्था की जानी चाहिए।

घटना ने खड़े किए कई सवाल

बोरिंग रोड की यह घटना एक साथ दो गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान दिलाती है। एक तरफ लोगों की सुरक्षा और कुत्ते के काटने से बचाव जरूरी है, तो दूसरी तरफ घायल और आक्रामक पशुओं को संभालने के लिए समय पर प्रशासनिक व्यवस्था भी आवश्यक है।

अब सवाल यह है कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर क्यों नहीं पहुंची? क्या इलाके में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनका उपचार करने की व्यवस्था पर्याप्त है? और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम क्या कदम उठाएगा?

स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता, दोनों को ध्यान में रखते हुए इस मामले में प्रशासन की सक्रियता जरूरी है।

Also Read: आरा-पटना मेमू ट्रेन की बोगियों से सीटें गायब, यात्रियों की परेशानी पर DRM ने दिए जांच के आदेश

Leave a Comment