दीपावली, छठ और लग्न का असर, धनतेरस पर बिहार में 5 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान

पटना: धनतेरस पर बिहार में कारोबार को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह है। दीपावली और धनतेरस के मौके पर राजधानी पटना समेत राज्य के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़े और बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही तेज हो रही है। व्यापारिक संगठनों के अनुमान के मुताबिक, इस बार धनतेरस और दीपावली के दौरान बिहार में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। खास बात यह है कि दीपावली के साथ छठ महापर्व और शादी-ब्याह का लग्न भी करीब होने से बाजार को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ज्वेलरी बाजार में 850 करोड़ तक के कारोबार की उम्मीद

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। यही वजह है कि पटना के सर्राफा बाजार में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है। हालांकि, सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी का तरीका भी बदल रहा है। अब ग्राहक भारी गहनों के बजाय हल्के वजन के गहनों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। चेन, अंगूठी, कान की बाली और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले गहनों की मांग बनी हुई है।

धनतेरस पर पटना की ज्वेलरी दुकान में सोने के गहनों की खरीदारी करते ग्राहक
धनतेरस को लेकर पटना के सर्राफा बाजार

शादी-ब्याह के लग्न को देखते हुए कई परिवार पहले से ही गहनों की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, इस बार पटना के ज्वेलरी बाजार में 700 से 850 करोड़ रुपये तक के कारोबार का अनुमान है।

उनका कहना है कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों का उत्साह बना हुआ है। जुलाई-अगस्त में जिन परिवारों की शादी की खरीदारी होनी थी, उनमें से कई परिवारों की खरीदारी नवंबर के लग्न में आ गई है। इससे ज्वेलरी बाजार को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में 500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

धनतेरस पर टीवी, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन और दूसरे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की परंपरा भी बाजार को गति देती है। इस बार दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर और छूट दे रहे हैं।

पटना चांदनी चौक इलेक्ट्रिक मार्केट की तस्वीर

अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, अकेले पटना के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में करीब 500 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। दीपावली के साथ शादी-ब्याह की तैयारियों के कारण भी घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान की मांग बनी हुई है।

ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ा रुझान

धनतेरस पर नई गाड़ी खरीदना भी शुभ माना जाता है। ऐसे में पटना के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इस बार पेट्रोल और डीजल वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर और कारों को लेकर भी ग्राहकों में आकर्षण देखा जा रहा है।

बड़ी गाड़ियों, खासकर एसयूवी और इनोवा जैसी गाड़ियों की खरीदारी को लेकर भी बाजार में उम्मीद बनी हुई है। वहीं, सेकेंड हैंड गाड़ियों के कारोबार में भी अच्छी बिक्री की संभावना जताई जा रही है।

अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, पटना के ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार 700 से 800 करोड़ रुपये तक के कारोबार का अनुमान है।

दीपावली और छठ से कपड़ा बाजार में बढ़ी रौनक, खेतान मार्केट में भी खरीदारी

दीपावली के तुरंत बाद छठ महापर्व होने के कारण कपड़ा बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है। बिहार में छठ ऐसा पर्व है, जिसमें परिवार के लगभग हर सदस्य के लिए नए कपड़े खरीदे जाते हैं। महिलाएं साड़ी और सूट खरीदती हैं, जबकि बच्चों और पुरुषों के लिए भी कपड़ों की खरीदारी होती है।

धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए पटना के खेतान मार्केट में ग्राहकों की भीड़

पटना का प्रसिद्ध खेतान मार्केट कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। यहां दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही के साथ त्योहार और शादी-ब्याह की खरीदारी का असर दिखाई दे रहा है।

कपड़ा कारोबारी जयराम के मुताबिक, लग्न के समय हर साल बाजार में ग्राहकों की भीड़ रहती है। इस बार भी लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दीपावली, छठ और शादी-ब्याह की खरीदारी एक साथ होने से बाजार को फायदा मिलने की उम्मीद है। बिहार के दूसरे जिलों से भी लोग शादी के लग्न की खरीदारी के लिए पटना पहुंच रहे हैं।

महंगाई ने बिगाड़ा बाजार का गणित, खरीदारी से पहले दुकानों के चक्कर लगा रहे ग्राहक

त्योहारों के बीच बाजार में रौनक जरूर है, लेकिन महंगाई कारोबारियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खासकर बर्तन और दूसरे घरेलू सामान की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण ग्राहक खरीदारी से पहले कई दुकानों में भाव पूछ रहे हैं।

धनतेरस पर बिहार के बाजार में त्योहार की खरीदारी करते लोग

बर्तन कारोबारी मोहम्मद सोहेल बताते हैं कि बाजार की स्थिति का अंदाजा दशहरा से ही लगने लगा था। उस समय से ग्राहकों की खरीदारी में सुस्ती दिखाई देने लगी थी।

उनके मुताबिक, महंगाई के कारण सामान की कीमतों में करीब 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक का अंतर आया है। पिछले साल जो ग्राहक 800 रुपये प्रति किलो के भाव से सामान खरीद रहे थे, वही इस बार 1200 से 1300 रुपये प्रति किलो का भाव सुनकर हैरान हो रहे हैं।

मोहम्मद सोहेल का कहना है कि ग्राहक दुकानों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन कीमत सुनने के बाद एक दुकान से दूसरी दुकान तक जाकर भाव का पता लगा रहे हैं। जरूरत और बजट के हिसाब से ही सामान खरीद रहे हैं। कारोबारियों ने अपनी पूंजी लगाकर दुकानें सजा रखी हैं और अब उन्हें धनतेरस के दिन अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

बर्तन बाजार में 125 करोड़ तक के कारोबार की संभावना

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा काफी पुरानी है। इस दिन लोग स्टील, पीतल, तांबा और दूसरी धातुओं के बर्तन अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदते हैं।

धनतेरस पर बर्तन की दुकान में स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीदारी

कारोबारियों के मुताबिक, पटना में बर्तन का कारोबार करीब 10 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जबकि पूरे बिहार में 100 से 125 करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान है। हालांकि, महंगाई के कारण ग्राहक इस बार खरीदारी में कीमतों और बजट का विशेष ध्यान रख रहे हैं।

मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग, कुम्हारों को भी मिल रहा बाजार

धनतेरस और दीपावली की खरीदारी में इस बार पारंपरिक मिट्टी के दीयों की मांग भी चर्चा में है। पहले जहां घरों की सजावट में बिजली की झालरों और दूसरी तरह की लाइटों का इस्तेमाल ज्यादा देखने को मिलता था, वहीं अब कई परिवार मिट्टी के दीयों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

इससे स्थानीय कुम्हारों और छोटे कारीगरों को बाजार मिलने की उम्मीद है। अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि इस बार मिट्टी के दीयों की मांग अच्छी है। उन्होंने खुद अपने घर के लिए करीब 500 मिट्टी के दीये खरीदे हैं। उनका मानना है कि स्वदेशी सामान को बढ़ावा मिलने से छोटे कारीगरों को रोजगार और बाजार दोनों मिलते हैं।

बिहार में 5 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

व्यापारिक संगठनों के अनुमान के मुताबिक, इस बार धनतेरस और दीपावली के दौरान बिहार में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इसमें सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, बर्तन और सजावटी सामान जैसे अलग-अलग कारोबार शामिल हैं।

अशोक वर्मा, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष

हालांकि, बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद महंगाई का असर खरीदारी पर दिखाई दे रहा है। कुछ ग्राहक बजट के अनुसार सामान चुन रहे हैं तो कुछ लोग खरीदारी से पहले कई दुकानों में कीमतों की तुलना कर रहे हैं।

अब कारोबारियों की निगाह धनतेरस और दीपावली की बिक्री पर टिकी है। उन्हें उम्मीद है कि त्योहार के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भीड़ खरीदारी में बदलेगी और इस बार बिहार के कारोबारियों के लिए दीपावली अच्छी कमाई लेकर आएगी।

Also Read: आरा-पटना मेमू ट्रेन की बोगियों से सीटें गायब, यात्रियों की परेशानी पर DRM ने दिए जांच के आदेश

Leave a Comment