पटना, 24 जुलाई: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल जारी कर दिए हैं। अब राज्य के लोग X (पूर्व में ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से सीधे स्वास्थ्य मंत्री तक अपनी शिकायत, सुझाव और जनहित से जुड़े मुद्दे पहुंचा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री एवं विभाग से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं, कार्यक्रम, वक्तव्य और जनहित से जुड़े संदेश अब इन्हीं सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा किए जाएंगे। आम जनता, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों से अनुरोध किया गया है कि वे केवल इन्हीं आधिकारिक हैंडल पर जारी सूचनाओं को ही प्रमाणिक और अधिकृत मानें।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट, भ्रामक या फर्जी सूचना पर विश्वास करने से पहले आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध जानकारी का सत्यापन अवश्य करें। स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय समय-समय पर सरकारी कार्यक्रमों, विभागीय गतिविधियों, स्वास्थ्य योजनाओं और महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी इन्हीं आधिकारिक माध्यमों से साझा करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल इस प्रकार हैं—
– X (Twitter): https://x.com/Nishantjdu81
– Facebook: https://www.facebook.com/Nishantjdu81
– Instagram: https://www.instagram.com/nishantjdu81
सोशल मीडिया के साथ जनता दरबार की व्यवस्था भी रहेगी जारी
हालांकि, बिहार में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करते हैं। ऐसे नागरिकों के लिए पहले की तरह जनसुनवाई की व्यवस्था जारी रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कार्यालय में आयोजित होने वाले जनता दरबार और जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों की समस्याएं सुनते रहेंगे। यानी, डिजिटल माध्यम के साथ-साथ पारंपरिक व्यवस्था भी पहले की तरह संचालित होती रहेगी, ताकि किसी भी नागरिक की बात सरकार तक पहुंचने से वंचित न रहे।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि यह पहल कितनी सफल होती है।
राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार लगातार जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल जारी करना उनकी राजनीतिक और जनसंपर्क रणनीति का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आज सोशल मीडिया जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, खासकर युवा पीढ़ी तक पहुंच बनाने में इसकी अहम भूमिका है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निशांत कुमार सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के साथ कितना प्रभावी संवाद स्थापित कर पाते हैं और जनता की समस्याओं के समाधान में यह पहल कितनी कारगर साबित होती है। साथ ही, यह भी आने वाला समय बताएगा कि क्या वह जनता के बीच अपनी अलग पहचान और भरोसा कायम कर पाते हैं। उनके पिता एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय तक अपनी जनसंपर्क शैली और जनता से संवाद को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे में श्री निशांत की यह डिजिटल पहल भी स्वाभाविक रूप से लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में रहेगी।
वही नई पीढ़ी के नेता के रूप में देखे जा रहे निशांत कुमार के लिए सोशल मीडिया के जरिए जनता से सीधे जुड़ने का यह प्रयास कितना फायदेमंद साबित होगा और इससे बिहार की जनता को कितना लाभ मिलेगा, इसका वास्तविक आकलन आने वाले समय में ही हो सकेगा।
