जम्मू/नई दिल्ली: ट्रेन के देरी से पहुंचने के कारण अगर किसी यात्री की फ्लाइट छूट जाती है, तो क्या रेलवे इसकी जिम्मेदारी से बच सकता है? जम्मू की जिला उपभोक्ता अदालत ने एक मामले में रेलवे को सेवा में कमी का दोषी ठहराते हुए बड़ा फैसला सुनाया है। आयोग ने ट्रेन की करीब चार घंटे की देरी से फ्लाइट छूटने पर एक दंपती को 63,199 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। इस राशि में नए हवाई टिकट, होटल में ठहरने का खर्च, मानसिक परेशानी का मुआवजा और मुकदमे का खर्च शामिल है।
ट्रेन लेट होने से छूटी गुवाहाटी की फ्लाइट
मामला दिसंबर 2022 का है। मोहित सिंह भाऊ और उनकी पत्नी दामिनी बिलोरिया ने 19 दिसंबर 2022 को जम्मू से दिल्ली आने के लिए दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12266) में टिकट बुक कराया था। ट्रेन को 20 दिसंबर की सुबह 3:55 बजे दिल्ली पहुंचना था।
दंपती ने इसी दिन सुबह 7:15 बजे दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट का टिकट भी बुक किया था। लेकिन ट्रेन निर्धारित समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सकी। दुरंतो एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 7:50 बजे दिल्ली पहुंची।
इस दौरान दंपती की फ्लाइट छूट गई। गुवाहाटी पहुंचने के लिए उन्हें दोबारा हवाई टिकट खरीदने पड़े, जिस पर 35,699 रुपये खर्च हुए। इसके अलावा होटल में ठहरने के लिए 2,500 रुपये भी खर्च करने पड़े।

रेलवे ने कोहरे को बताया ट्रेन लेट होने की वजह
फ्लाइट छूटने और आर्थिक नुकसान होने के बाद दंपती ने जम्मू जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आर्थिक नुकसान के लिए 60 हजार रुपये, मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए 50 हजार रुपये तथा मुकदमे के खर्च के रूप में 30 हजार रुपये मुआवजे की मांग की थी।
सुनवाई के दौरान रेलवे ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इंडियन रेलवे कॉन्फ्रेंस एसोसिएशन के कोचिंग टैरिफ के नियम 115 के तहत ट्रेन के देरी से पहुंचने के लिए रेलवे को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। रेलवे की ओर से यह भी दलील दी गई कि घने कोहरे के कारण ट्रेन देरी से पहुंची थी।
हालांकि, उपभोक्ता आयोग ने रेलवे की दलीलों को स्वीकार नहीं किया। आयोग ने पाया कि रेलवे निर्धारित समय के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल नहीं कर सका। इसके अलावा कोहरे को ट्रेन की देरी का कारण बताने के समर्थन में भी कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया।
उपभोक्ता आयोग ने रेलवे को सेवा में कमी का दोषी माना
आयोग ने मामले में पेश किए गए ट्रेन और हवाई यात्रा के टिकटों सहित अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया। इन दस्तावेजों से यह साबित हुआ कि ट्रेन की देरी के कारण दंपती की फ्लाइट छूट गई और उन्हें अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आयोग ने यह भी माना कि रेलवे अपनी ओर से यह साबित करने में विफल रहा कि ट्रेन की देरी ऐसी परिस्थितियों के कारण हुई थी, जो उसके नियंत्रण से बाहर थीं। ऐसे में आयोग ने रेलवे की सेवा में कमी मानते हुए दंपती के पक्ष में फैसला सुनाया।
रेलवे को छह सप्ताह में देना होगा 63,199 रुपये
जम्मू जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पवन देव कोतवाल और सदस्य नीलम बाला भारद्वाज की पीठ ने 4 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए रेलवे और केंद्र सरकार को दंपती को कुल 63,199 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।
आयोग के आदेश के मुताबिक मुआवजे की राशि इस प्रकार है:-
- 38,199 रुपये: नए हवाई टिकट और होटल में ठहरने का खर्च।-
- 20,000 रुपये: मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए मुआवजा।-
- 5,000 रुपये: मुकदमे का खर्च।
इसके अलावा आयोग ने 38,199 रुपये की राशि पर 13 फरवरी 2023 से वास्तविक भुगतान होने तक सालाना 7.5 प्रतिशत ब्याज देने का भी आदेश दिया है।
रेलवे को आदेश प्राप्त होने के छह सप्ताह के भीतर पूरी राशि का भुगतान करना होगा।
इस फैसले में आयोग ने स्पष्ट किया कि ट्रेन की देरी के कारण यात्रियों को हुए आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। रेलवे को देरी का उचित कारण साबित करना था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहा।
ये भी पढ़ें: RAC Ticket Rules: पूरा किराया देकर आधी बर्थ! खत्म हो सकता है रेलवे का RAC सिस्टम?
